बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के चौथे टेस्ट की पहली पारी में रोहित शर्मा अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाए। वह 35 रन बनाकर मैथ्यू कुहेनमैन की गेंद पर आउट हुए। इस पारी के दौरान उन्होंने दो बड़ी उपलब्धि हासिल की। उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में 17 हजार रन पूरे कर लिए। वहीं टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्का लगाने के मामले में संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर पहुंच गए। उन्होंने इस मामले में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर की बराबरी की।
टीम इंडिया ने तीसरे दिन लंच तक 1 विकेट पर 129 रन बना लिए हैं। शुभमन गिल 65 और चेतेश्वर पुजारा 22 रन बनाकर क्रीज पर। पुजारा ने इस पारी के दौरान बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट में 2000 रन बनाने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बन गए। इसके अलावा वह भारत में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1000 रन बनाने वाले चौथे भारतीय बन गए।रोहित शर्मा को टेस्ट मैच शुरू होने से पहले इंटरनेशनल क्रिकेट में 17 हजार रन पूरा करने के लिए 21 रन की दरकार थी। भारतीय कप्तान ने मिचेल स्टार्क की गेंद पर चौका लगाकर यह उपलब्धि हासिल की। इसके बाद रोहित शर्मा ने बाएं हाथ के तेज गेंदबाज को छक्का जड़ा और वह टेस्ट में भारत के लिए संयुक्त रूप से तीसरे सबसे ज्यादा छक्का (69) लगाने वाले क्रिकेटर बने। उन्होंने सिर्फ 49 टेस्ट खेले हैं। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने 200 टेस्ट में 69 छक्के जड़े हैं। वहीं सबसे ज्यादा सिक्स वीरेंद्र सहवाग ने 91 लगाए हैं। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 78 छक्के लगाए हैं और वह दूसरे नंबर पर हैं।