बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट और साक्षी मलिक जैसे देश के बड़े पहलवान भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) और उसके अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह (Brij Bhusan Saran Singh) के खिलाफ अखाड़े में उतर गए। उनपर महिला पहलवानों का यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाकर सनसनी मचा दी। भारतीय खेल इतिहास में पहले भी यौन उत्पीड़न के मामले सामने आते रहे हैं।
स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) से जुड़े 45 लोगों पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगे हैं। इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (IOA)के पूर्व कोषाध्यक्ष आनंदेश्वर पांडे पर रेप का मुकदमा हुआ था। हाल ही में पूर्व हॉकी खिलाड़ी और हरियाणा सरकार में मंत्री संदीप सिंह (Sandeep Singh) पर एक महिला कोच ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था।
फुटबॉल कोच पर महिला खिलाड़ियों की शिकायत के बाद गिरी गाज
जुलाई 2022 में इंडिया अंडर-17 महिला फुटबॉल टीम के सहायक कोच एलेक्स एम्ब्रोस पर यूरोप दौरे के दौरान यौन दुराचार के आरोपों के बाद बर्खास्त कर दिया गया था। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) ने शिकायत दर्ज कराने के दो दिन बाद एम्ब्रोस को तुरंत वापस बुला लिया था।
साइक्लिंग कोच के खिलाफ महिला साइकिलिस्ट का आरोप
जून 2022 में, एक महिला साइकिल चालक ने स्लोवेनिया दौरे पर मुख्य कोच आरके शर्मा पर यौन उत्पीड़न और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था। उसन कहा था कि शर्मा ने एक ही कमरे में रहने को मजबूर किया था। उसने बहना बनाया था कि एक ही कमरे में दो लोगों के रहने की व्यवस्था की गई है। केस दर्ज कराने के बाद कोच का करार खत्म कर दिया गया था।
महिला एथलीटों ने तमिलनाडु के ट्रैक एंड फील्ड कोच पर यौन शोषण का आरोप लगा
जुलाई 2021 में 7 और महिला एथलीटों ने तमिलनाडु के ट्रैक एंड फील्ड कोच पी नागराजन पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था। पी नागराजन पर यौन शोषण का भी आरोप लगा। 19 वर्षीय एथलीट ने सबसे पहले नागराजन के खिलाफ इस तरह का आरोप लगाया था।
गौतम गंभीर की मदद से महिला क्रिकेटर ने दर्ज कराया केस
जनवरी 2020 में दिल्ली पुलिस ने दक्षिण-पूर्व दिल्ली के निजामुद्दीन क्षेत्र में एक महिला क्रिकेटर ने अपने कोच के खिलाफ छेड़छाड़ के संबंध में एफआईआर दर्ज कराई थी। पूर्वी दिल्ली के सांसद गौतम गंभीर ने कहा कि लड़की ने उसने मदद मांगी थी।
महिला जिमनास्ट का कोच पर अभद्र टिप्पणी का आरोप
सितंबर 2014 में एक महिला जिमनास्ट ने कोच के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी। जिम्नास्ट ने अपने कोच मनोज राणा और साथी जिमनास्ट चंदन पाठक पर राजधानी के इंदिरा गांधी खेल परिसर में एक प्रशिक्षण शिविर के दौरान अभद्र टिप्पणी करने का भी आरोप लगाया था।
बॉक्सिंग एसोसिएशन के सचिव पर यौन शोषण का आरोप
मार्च 2011 में, तमिलनाडु स्टेट एमेच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन के सचिव पर उत्पीड़न, छेड़छाड़ और धमकाने का आरोप लगा था। एक महिला मुक्केबाज ने उन पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए चयन के लिए यौन संबंध बनाने का दबाव बनाने का आरोप लगाया था।