पूजा राठी
रियलटी शो वास्तव में कितने रियल होते हैं यह तो एक दूसरी बहस है लेकिन पितृसत्ता की पैरवी ये शो कितनी वास्तविकता से करते हैं उसका एक ताजा उदाहरण हमारे बीच है। चर्चित और विवादित टीवी रियलटी शो ‘बिग बॉस’ में फिल्म निर्देशक साजिद खान की एंट्री हुई है। यह वही साजिद खान हैं जिन पर #MeToo अभियान के तहत कई महिलाओं ने यौन शोषण के आरोप लगाए थे। बावजूद इसके साजिद अब रोज रात टीवी पर्दे पर देखे जाएंगे। इंडस्ट्री के ‘सुपर स्टार’ कहे जानेवाले सलमान खान के साथ स्क्रीन शेयर करते दिखेंगे।
साजिद खान का पर्दे पर आना, उसका स्वागत करना भारतीय समाज के ब्राह्मणवादी पितृसत्ता के उस चेहरे को दिखाता है जहां पुरुषों की हर गलती माफ है, यौन हिंसा के आरोपी को आसानी से स्वीकार कर लिया जाता है। इसी तरह टीवी के माध्यम से ऐसे आरोपियों को आसानी से मेनस्ट्रीम में दोबारा स्थापित किया जाता रहा है।

साजिद खान पर #MeToo के तहत लगे थे आरोप
साजिद खान बॉलीवुड के ऐसे शख्स हैं जिन पर नौ महिलाओं ने यौन शोषण के आरोप लगाए थे। सलोनी चोपड़ा, साजिद खान के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाने वाली पहली महिला थीं। इंडिया टुडे में छपी ख़बर के अनुसार उन्होंने कहा था कि साल 2011 में साजिद खान के पास नौकरी के इंटरव्यू के लिए गई थीं तो साजिद ने उन्हें बेहद असहज महसूस करवाया था। साजिद ने सलोनी चोपड़ा से असहज करने वाले सवाल किए थे। जैसे, क्या तुम मास्टरबेशन करती हो और हफ्ते में कितनी बार करती हो? नौकरी के बाद उनसे बिकनी की तस्वीरे मांगी थीं। यही नहीं साजिद खान उनके सामने सेक्स की बातें करते थे। सलोनी के अनुसार सेट पर महिलाओं के शरीर को लेकर साजिद भद्दी बातें किया करते थे।
साजिद पर अन्य महिलाओं ने भी इस तरह के यौन दुर्व्यवहार के आरोप लगाए थे। इसमें राहेल व्हाइट, करिश्मा उपाध्याय, अहाना कुमरा, सिमरन सूरी, मंदाना करीमी, जिया खान, शर्लिन चोपड़ा और डिंपल पॉल के नाम शामिल हैं। इन सारी महिलाओं ने कहा है कि कैसे साजिद ने काम के बदले में उनसे सेक्सुअल फेवर मांगा था, अपने प्राइवेट पार्ट को छूने के लिए मज़बूर किया, महिलाओं से अश्लील बातें की और उन्हें कपड़े उतारने के लिए कहते थे।
यौन उत्पीड़न के आरोप के बाद कार्रवाई के नाम पर साजिद खान को उस समय उन्हें फिल्म ‘हाउसफुल-4’ के निर्माण से अलग कर दिया गया था। इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डॉयरेक्टर्स एसोसिएशन की तरफ से उन पर केवल एक साल की पाबंदी लगा दी गई थी
इतना ही नहीं बॉलीवुड की कई अन्य अभिनेत्रियों ने भी साजिद खान के बारे में कहा था कि महिलाओं के साथ साजिद खान का व्यवहार अनुचित होता है। अभिनेत्री दिया मिर्जा ने भी साजिद खान को बेहद बदतमीज़ और महिलाओं से गंदा मजाक करने वाला व्यक्ति कहा है। अभिनेत्री बिपाशा बासु कह चुकी हैं कि साजिद खान का व्यवहार फीमेल कास्ट और क्रू के साथ बहुत ही अजीब और परेशान करने वाला होता था। वे महिलाओं के सामने भंदे जोक्स करते है और महिलाओं के प्रति बहुत असभ्य है।यौन उत्पीड़न के आरोप के बाद कार्रवाई के नाम पर साजिद खान उस समय उन्हें फिल्म ‘हाउसफुल-4’ के निर्माण से अलग कर दिया गया था। इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डॉयरेक्टर्स एसोसिएशन की तरफ से उनपर केवल एक साल की पाबंदी लगा दी गई थी।