–विशेष प्रतिनिधि
डिंडौरी : मध्यप्रदेश के कई जिलों में के कई जिलों में पानी की किल्लत है। शिवपुरी में एक दिन पहले पानी को लेकर महिलाओं ने प्रदर्शन किया था। अब डिंडौरी जिले से एक वीडियो सामने आया है। गांव में पानी की किल्लत से महिलाएं परेशान हैं। पानी के लिए लोगों की निर्भरता बाहर स्थित एक कुएं पर है। कुएं में पानी कम है। ऐसे में ऊपर से बाल्टी डालकर नहीं निकाला जा सकता है। गांव की महिलाएं कुएं में उतरती और पानी निकालकर लाती हैं।
यह समस्या एमपी के डिंडौरी जिले की है। डिंडौरी जिले के घुसिया गांव में महिलाएं अपनी जान जोखिम में डालकर कुएं में उतरती हैं। ये महिलाएं झुंड में यहां आती है। इसके बाद अपने बर्तन को रस्सी से बांधकर कुएं में डालती हैं। बर्तन को कुएं में डालने के बाद महिलाएं खुद नीचे उतरती हैं। इसके बाद बाल्टी और अन्य बर्तन में पानी भरती हैं। पानी भरने के कुएं के ऊपर खड़ी महिलाएं इसे खींच लेती हैं। इसके बाद कुएं के अंदर गई महिलाएं ऊपर आती हैं। महिलाओं को कुएं में उतरने के लिए लोहे के छोटे-छोटे टुकड़े लगाए गए हैं, जिसे पकड़कर महिलाएं नीचे उतरती हैं। इस दौरान छोटी सी चूक भी महिलाओं की जान पर भारी पड़ सकती है। महिलाओं ने बताया कि गांव में यह समस्या सालों से है लेकिन कभी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
पानी की आपूर्ति होगी तभी वोट देंगे
महिलाओं ने कहा कि सरकारी कर्मचारी और राजनेता केवल चुनाव के दौरान आते हैं। इस बार हमने उचित पानी की आपूर्ति होने तक वोट नहीं देना का फैसला किया है। हमें पानी इकट्ठा करने के लिए कुएं के नीचे जाना पड़ता है। गांव में तीन कुएं हैं, सभी लगभग सूख चुके हैं। हैंडपंप में भी पानी नहीं है।